-घायल बदमाश 50 से अधिक भेड़, बकरी लूट के मामले में था वांछित
मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस के साथ हुई मुठभेड में बीस हजार का इनामी लुटेरा बुलंदशहर निवासी मुस्तकीम पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठा कर भाग गया। घायल बदमाश 50 से अधिक भेड़ व बकरी लूट के मामले में वांछित चल रहा था।
नई मंडी कोतवाली के दिल्ली दून हाईवे किनारे बागोवाली चौराहे के पास बने एक अहाते में बंधी पचास से अधिक भेड़ व बकरी चरवाहों को बंधक बनाकर लूट ली थीं। माह मार्च में हुई घटना में एक आरोपी मौके पर पकड़ा गया था, जबकि उसके साथी भाग गए थे। बाद में दो आरोपी मुठभेड़ में पकड़े गए थे।
नई मंडी कोतवाली पुलिस की शुक्रवार रात में बागोवाली चौराहे के पास चेकिंग के दौरान मोटर साइकिल सवार दो बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मुस्तकीम पुत्र इकरामुद्दीन निवासी ग्राम चिरचिटा थाना सलेमपुर बुलन्दशहर घायल हो गया। वहीं उसका साथी सराफत काॅलोनी थाना खतौली निवासी शादाब उर्फ कलीम भाग गया। एसपी सिटी सत्नारायण प्रजापत ने बताया कि घायल बदमाश पर बीस हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया। दोनों आरोपी लूट के इरादे से घूम रहे थे।