खतौली पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हुआ 25 हजार का इनामी सलीम उर्फ दीवाना।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी सलीम दबोचा
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गंगनहर पटरी पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। इनामी का एक साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के पास से एक बाइक, तमंचा, कारतूस बरामद किए हैं। पकड़ा गया बदमाश मेरठ निवासी सलीम उर्फ दीवाना है। उसकी कई जिलों की पुलिस तलाश कर रही थी।
सीओ खतौली आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर पुलिस गंग नहर पटरी मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। रोकने पर बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 25 के इनामी बदमाश सलीम उर्फ दीवाना पुत्र कुतुबुद्दीन, निवासी जाकिर कॉलोनी लिसाड़ी गेट मेरठ को दबोच लिया। उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। सीओ ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर घर में घुसकर वारदात को अंजाम देता था। सीओ के अनुसार इसने 31 दिसंबर 2019 को खतौली में होली चौक निवासी एक मोबाइल व्यापारी के यहां घर में घुसकर भी लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। सलीम अलीगढ़, बरेली, रुड़की, खतौली से वांछित चल रहा था। मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश से अन्य साथियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए बदमाश से बाइक, तमंचा, कारतूस बरामद हुआ है।