संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। थाना क्षेत्र के गांव ग्राम पंचायत शकरपुर के मजरा बुच्चा बस्ती में प्रेम प्रसंग के चलते हुई युवती की मौत में मामले में मृतका की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्रेमी के विरुद्ध हत्या सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
थाना क्षेत्र के गांव में 9 फरवरी को गांव के एक अनुसूचित जाति के युवक व कश्यप समाज की युवती ने प्रेम प्रसंग के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया था। उत्तराखंड के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां युवती की मौत हो गई। परिजनों ने शव घर लाकर घटना की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया था।
इस मामले में युवती की मां कमलेश देवी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 8 फरवरी को उसके पति संतराम के मोबाइल फोन पर गांव के ही रजत ने कॉल कर उन्हें धमकी दी थी कि वह अपनी बेटी की शादी उसके साथ कर दें। अन्यथा वह उठा ले जाएगा। 9 फरवरी को उसकी बेटी को जबरदस्ती उठाकर ले गए थे। अगले दिन उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस ने घटना की जांच कर मामला प्रेम प्रसंग का होना पाकर मुकदमा दर्ज नहीं किया था। मृतका की मां ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी युवक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर बुधवार को आरोपी रजत के विरुद्ध मृतका को जबरदस्ती घर से उठाकर ले जाने व उस पर अत्याचार करने और षड्यंत्र रचकर उसकी हत्या करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है।