भौराकलां। भौराकलां गांव में घुड़चढ़ी के दौरान तमंचों से की जा रही फायरिंग में किशोरी की गोली लगने से मौत हो गई। एक बच्चे की हथेली में भी गोली लगी है। किशोरी को गोली लगते ही बाराती मौके से फरार हो गए। एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी ने घटनास्थल का दौरा किया। हर्ष फायरिंग के दौरान एक बाराती को भी गोली लगने की जानकारी मिली है।
सोमवार को शामली के बुटराड़ा गांव के भूपेंद्र के लड़के की बारात भौराकलां निवासी कंवर फौजी के घर आई थी। शाम को करीब पांच बजे घुड़चढ़ी जब गांव की पट्टी चौधरान पहुंची, तो बाराती और विवाह समारोह में शामिल लोग तमंचों से फायर करने लगे। कई लोग हर्ष फायरिंग कर रहे थे। इस बीच एक गोली बारातियों का नाच देख रही अंजली उर्फ भोली (12) को जा लगी। दूसरी गोली 10 साल के अमित की हथेली में लगी। अंजलि की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद शादी की खुशियां खटाई में पड़ गई। नाच गाना कर रहे बाराती रफूचक्कर हो गए। एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी, सीओ फुगाना इंस्पेक्टर सिंह और सीओ बुढ़ाना एसपी शर्मा मयफोर्स मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने की बात कही। इसके बाद किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया। घायल अमित को भी जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। एक बाराती को भी गोली लगने की सूचना है। किशोरी की मौत के बाद गंाव में गम का माहौल बन गया। पीड़ितों ने देर रात तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया है। उधर, दुल्हन को देर रात सादगी पूर्ण तरीके से विवाह की रस्म अदा कर विदा कर दिया गया।