झिंझाना। मदरसे में पढ़ने वाली बच्ची के साथ मौलवी ने दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची की चीखपुकार सुनकर मदरसे के अन्य बच्चे मौके पर पहुंचे, तो मौलवी बच्चों को धमकाते हुए वहां से फरार हो गया। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। उधर, मौलवी के रिश्तेदार बच्ची के परिजनों पर फैसले का दबाव बना रहे हैं।
सोमवार को थाने पहुंचे कुछ लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके परिवार की सात वर्षीय बच्ची मदरसे में पढ़ती है। आरोप है कि रविवार को मदरसे की छुट्टी होने पर सभी बच्चे अपने घर पर जाने लगे, तो मदरसे के मौलवी ने बच्ची को बुलाकर पानी लाने के लिए कहा। बच्ची जब पानी लेकर आई, तो मौलवी ने अचानक पानी का बर्तन बच्ची के ऊपर गिरा दिया। कपड़े भीगने पर मौलवी ने बच्ची को कमरे में जाकर भीगे कपड़े निचोड़ने के लिए कहा। बच्ची जब कमरे में कपड़े उतार कर निचोड़ रही थी, तो मौलवी अंदर घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर घरों को जा रहे अन्य बच्चे मौके पर पहुंचे तो मौलवी उन्हें धमकाते हुए फरार हो गया। पीड़ित परिजनों ने पुलिस को बताया कि मौलवी के रिश्तेदार उन पर फैसले के लिए दबाव बना रहे हैं। उधर, थानाध्यक्ष बीपी सिंह ने बताया कि पुलिस को मामले की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। उसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।