रुड़की। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार प्रधानाचार्य की मौत हो गई। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर हादसा उस समय हुआ जब प्रधानाचार्य बाइक से घर (पुरकाजी) लौट रहे थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
रुड़की से सटे शेरपुर स्थित जैन हाईस्कूल के प्रधानाचार्य अतुल कुमार जैन (38) का पुरकाजी (मुजफ्फरनगर) में आवास है। स्कूल आने-जाने के लिए वे रोज अपडाउन करते थे। शनिवार को वैसे तो स्कूल की छुट्टी थी लेकिन वे किसी काम से स्कूल आए थे। काम निपटाने के बाद जब वे अपनी बाइक से वापस जा रहे थे तो दिन में करीब 11.30 बजे गोदावरी होटल के पास एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भिजवाया। उनकी मौत की खबर सुनकर उनके कई परिचित अस्पताल पहुंचे। मोर्चरी के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा थी। घर में उनकी मां, पत्नी, एक बेटी मुस्कान (15), बेटा सिद्धांत (12) हैं। उनके दो बड़े भाई भी हैं।