बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। कुरावा गांव में शराब माफिया ने पुलिस और आबकारी टीम के छक्के छुड़ा दिए। पुलिस पर पथराव और फायरिंग भी हुई। माफिया को पकड़ने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े। छह घंटे की मशक्कत के बाद एसपी क्राइम ने कमान संभाली और ग्रामीणों के सहयोग से तस्कर को तीसरी मंजिल से उतारने में कामयाब हुए।
फुगाना के गांव कुरावा में आबकारी विभाग की टीम और पुलिस बुधवार दोपहर 11 बजे कुरावा निवासी पंकज पुत्र किशन के मकान पर छापा मारने पहुंची। पुलिस के मुताबिक पंकज हरियाणा से तस्करी कर शराब बेचता है। पुलिस और आबकारी टीम को देखते ही पंकज, उसकी मां, पत्नी और भांजी मकान की छत पर पहुंच गईं। आरोपी पंकज ने तीसरी मंजिल की छत से पुलिस और आबकारी विभाग की टीम पर पथराव और फायरिंग शुरू कर दी। सूचना मिलते ही फोर्स के साथ एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे। मामला बढ़ते देख सर्किल क्षेत्र के सभी थानों की पुलिस सीओ फुगाना, बुढ़ाना और जानसठ थानों का फोर्स भी बुला लिया गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए मकान को चारों तरफ से घेरकर आंसू गैस के गोले दागे। किसी प्रकार पुलिस दीवार फांदकर मकान में पहुंची, लेकिन ऊपरी मंजिल तक पहुंचने का रास्ता नहीं दिखाई दिया। आरोपी के काबू नहीं आने पर जिला मुख्यालय से एसपी क्राइम राकेश जौली को ऑपरेशन की कमान सौंपी गई। शाम करीब साढे़ पांच बजे एसपी क्राइम जौली ने ग्राम प्रधान चरण सिंह और ग्रामीणों के सहयोग से नीचे से आवाज लगाकर पंकज से वार्ता की। इसी दौरान पंकज की मां पुलिस कर्मियों को गालियां देती रही। पंकज चिल्ला रहा था कि पुलिस उसका एनकाउंटर करेगी। उसके विरोधियों ने पुलिस को एनकाउंटर करने के लिए दस लाख रुपये दिए हैं। आरोप लगाया कि पुलिस ने बाहर से लाकर दारू की बोतल से भरे कट्टे उसके मकान में डाल दिए हैं। एसपी क्राइम ने प्रधान चरण सिंह के सहयोग से पंकज को समझाया, तब कहीं जाकर उसने दरवाजा खोला। पंकज ने कहा कि वह एसपी क्राइम की कार में बैठकर जाएगा। उसके साथ ग्राम प्रधान भी जाएंगे। छह घंटे के हाई प्रोफाइल ड्रामे के बाद शाम को लगभग पांच बजे एसपी क्राइम पंकज को अपने साथ ले गए। उसके मकान से पुलिस ने एक मसकट, तमंचा और कारतूस के साथ ही काफी संख्या में शराब की बोतलें भी बरामद की। आरोपी के खिलाफ पुलिस पर हमला करने समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।