शामली। कैराना विस उपचुनाव के लिए होने वाली मतगणना के दौरान कोई भी मतगणना अधिकारी कर्मी या प्रत्याशी के मतगणना एजेंट मतगणना केंद्र के अंदर मोबाइल नहीं ले जाएगा, यही नहीं कर्मियों को भी स्थल पर ही जाकर पता चलेगा कि उनकी ड्यूटी किस टेबिल पर है।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित सभागार में मतगणना कार्य में लगे कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। डीएम एनपी सिंह ने बताया कि मतगणना में कुल 19 मतगणना पार्टियां बनाई गई हैं। जिनमें 14 मतगणना टेबल, एक निर्वाचन अधिकारी टेबल और एक चुनाव आयोग प्रेक्षक के साथ होगी। तीन पार्टियों को रिजर्व में रखा जाएगा। डीएम एनपी सिंह ने मतगणना में लगे माइक्रोआब्जर्वर और कर्मियों को बताया कि मतगणना के दिन सुबह छह बजे तक उन्हें हर हालत में मतगणना स्थल पर पहुंचना होगा। उन्हें वहीं पर जाकर पता चलेगा कि उनकी ड्यूटी किस टेबिल पर है। लेट होने वाले कर्मियों को लापरवाही का दोषी मानते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कर्मियों से कहा कि बेहतर होगा कि मतगणना से पहले दिन वह जिला मुख्यालय पर ही कहीं रुक जाएं ताकि समय पर पहुंच सके। सीडीओ वीके सिंह ने बताया कि मतगणना में लगा कोई भी कर्मी, प्रत्याशी के पोलिंग एजेंट भी केंद्र पर मोबाइल लेकर नहीं आएंगे। केवल प्रत्याशी को ही मोबाइल लाने की अनुमति होगी। एडीएम भरत जी पांडेय ने बताया कि केंद्र के अंदर बिना पास वाले व्यक्ति का प्रवेश नहीं होगा। प्रशिक्षण देते हुए डॉक्टर अजय बाबू शर्मा ने कहा कि मतगणना से पूर्व उन्हें एक चार्ट दिया जाएगा जिसमें दर्ज होगा कि उनकी टेबिल पर किस बूथ नंबर की ईवीएम आएगी, वह उस चार्ट के हिसाब से ईवीएम नंबर का मिलान अवश्य कर लें, गलती हो तो तुरंत अधिकारियों को बताएं। वीवी सिंह ने बताया कि इवीएम में पिंक पेपर ग्रीन पेपर और वाइट स्ट्रिप सील होगी, एंट्रेस टेग को हटाने के बाद ग्रीन पेपर सील को नहीं फाडे़ और फिर रिजल्ट बटन दबाएं। मतगणना के उपरांत क्लीयर का बटन न दबाएं।