शामली। लिलौन गांव में आयोजित कालखंडे खाप की पंचायत में चीनी मिलों से गन्ने का भुगतान नहीं होने पर दिवाली को सादे ढंग से मनाने का निर्णय लिया गया। पंचायत ने इस बार दिवाली पर पटाखे नहीं छुड़ाने का निर्णय लिया। पंचायत में मिठाई और मोमबत्ती नहीं बांटने का निर्णय लिया गया।
शनिवार को लिलौन गांव में कालखंडे खाप चौधरी बाबा संजय कालखंडे के निवास पर उनकी अध्यक्षता में हुई पंचायत में खाप के कई गांवों के प्रतिनिधियों से भाग लिया। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि किसानों का बकाया गन्ने का भुगतान नहीं होने के कारण काफी लोग आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। वक्ताओं ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि मिलें हर साल किसानों को गन्ना भुगतान में परेशान करती हैं, लेकिन सरकार कुछ नहीं करती।
कालखंडे खाप चौधरी बाबा संजय कालखंडे ने निर्णय लिया कि मिलों से भुगतान न होने पर इस बार खाप के गांवों में दिवाली का त्योहार सादगी से मनाया जाएगा। इस बार दिवाली पर मिठाई और मोमबत्ती का वितरण नहीं किया जाएगा। पटाखे भी नहीं छुड़ाए जाएंगे। मोमबत्ती के स्थान पर तेल के दीपक जलाए जाएंगे। पंचायत में रविंद्र कुमार, तेजपाल, जयवीर, चरण सिंह, सतेंद्र, सतीश, कृष्णपाल सिंह, बाबू, जयचंद, सतपाल सुनील ,गजेंद्र, बिल्लू, जगपाल, सतपाल, जयपाल आदि मौजूद रहे।