शामली। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर जिले के लेखपालों ने अतिरिक्त कार्य करने से हाथ खड़े कर दिए हैं। उन्होंने शुक्रवार को अतिरिक्त कार्यभार का बस्ता और रिकार्ड रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय को सौंप दिया है।
लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष ओमपाल सिंह ने बताया कि प्रदेश में लेखपालों के 8000 पद खाली हैं। प्रदेश भर में एक भी राजस्व निरीक्षक का पद भरा हुआ नहीं है। प्रभारी राजस्व निरीक्षक के पद पर लेखपाल काम कर रहे हैं। एक-एक लेखपाल को दो या तीन लेखपालों का अतिरिक्त कार्यभार दे रखा है। इस कारण वे समय पर कार्य पूरा नहीं कर पा रहे हैं। समय पर काम पूरा नहीं होने से तहसील दिवसों में लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्ठि दी जा रही है। लेखपालों की प्रोन्नति भी नहीं की जा रही। उन्होंने लेखपालों के खाली पदों को भरे जाने और वरिष्ठ लेखपालों को प्रोन्नत किए जाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि लेखपाल संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर लेखपालों के खाली पद भरे जाने, राजस्व निरीक्षकों की नियुक्ति किए जाने और अतिरिक्त कार्य भार छोड़ने का निर्णय लिया था। लिहाजा अतिरिक्त कार्य का बस्ता और रिकार्ड रजिस्ट्रार कानूनगो को सौंप दिया गया है। इस दौरान शामली तहसील के अध्यक्ष नगेंद्र प्रसाद शर्मा, सचिव श्यामलाल सैनी आदि मौजूद रहे।
मामला शासन स्तर का है
शामली। एसडीएम सदर रामावतार गुप्ता ने बताया कि लेखपालों द्वारा अतिरिक्त कार्यभार का बस्ता व रिकार्ड साैंपने का मामला प्रांतीय स्तर का है। इस संबंध में प्रदेश सरकार को ही निर्णय लेना है, यदि मामला स्थानीय स्तर का होता तो वह इसका हल निकाल लेते।