शाहपुर। भाई की बारात में शामिल होने जा रहे व्यक्ति की सोरम-गोयला मार्ग पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। रिश्तेदार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर शादी की खुशियां मातम में बदल गई। गमगीन माहौल के बीच विवाह की रस्में पूरी की गई।
कस्बा क्षेत्र के गांव गोयला निवासी नरेंद्र की शादी पीनना के बेगराज की पुत्री से तय हुई थी। शाम को बारात पीनना के लिए चली। शादी समारोह का कार्य निपटाने के बाद दूल्हे का भाई संतोष अपने रिश्तेदार अशोक के साथ बाइक पर सवार होकर चला। सोरम-गोयला मार्ग पर जीप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर जिला अस्पताल के लिए चली। संतोष ने रास्ते में दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने दूसरे बाराती की हालत गंभीर बताई है। घटना की जानकारी मिलने पर पीनना पहुंच चुकी बारात में खुशियां मातम में बदल गई। बैंडबाजों की आवाज बंद हो गई। शोक के बीच विवाह की रस्में पूरी की गई। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। मृतक के चचेरे भाई चमन ने चालक परवेंद्र गोयला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया हे।