मुजफ्फरनगर, 19 नवंबर
पारिजात पेपर मिल के साझीदार की बंद कोठी में ग्रिल उखाड़कर घुसे बदमाशों ने नकदी समेत करीब 22 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। रविवार की रात बद्रीनाथ से परिजनों के लौटने पर वारदात का पता चला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नई मंडी के घेर खेत्ती के रहने वाले नीरज जैन भोपा रोड स्थित पारिजात पेपर मिल में साझीदार हैं। 14 नवंबर को वह अपने परिवार के साथ बद्रीनाथ गए हुए थे। कोठी पर ताला लगा हुआ था। रविवार की रात बारह बजे जब वह लौटे तब वारदात का पता लगा। उन्होंने बताया कि कोठी के मुख्य दरवाजे का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर के कमरे की ग्रिल उखड़ी हुई थी। यहां से अंदर दाखिल हुए बदमाशाें ने पूरी कोठी को खंगाल लिया। तीन कमरों को सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी के ताले टूटे हुए थे। बदमाशाें ने पूरी तसल्ली के साथ वारदात अंजाम दिया। जानकारी मिलने पर देर रात में ही सीओ सिटी संजीव वाजपेयी और मंडी निरीक्षक विनोद सिरोही मौके पर पहुंच गए थे। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल से प्रिंगरप्रिंट भी उठाए। पारिवारिक सूत्राें के मुताबिक चोरी में करीब 4 लाख रुपये की नकदी समेत 22 लाख रुपये का माल गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक चोरी गए सामान की सूची उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई है। पेपर मिल मालिक की कोठी पर हुई चोरी की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी है। पुलिस का कहना है कि बदमाश कोठी की दीवार को फांदकर अंदर दाखिल हुए।