मुजफ्फरनगर। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को पारा 38.5 डिग्री पर पहुंच गया। दोपहर में लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किया। तेज धूप और गर्म हवा के चलते लोगों ने घरों से बाहर निकलने से परहेज किया।
गर्मी का सितम लगातार जारी है। दिन प्रतिदिन तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। रविवार को दिन का तापमान 37.1 डिग्री था, जो सोमवार को बढ़कर 38.5 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 22.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। सवेरे दस बजे से ही तेज गर्मी शुरू हो गई थी। दोपहर बाद तक तेज गर्म हवा चली। लोगों का गर्मी से बुरा हाल हो गया। गर्मी के कारण लोग घरों में कैद होने के लिए मजबूर हो गए। जरूरी काम से ही लोग घरों से बाहर आए। शाम तक बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। बीते कई दिनों से पड़ रही जबर्दस्त गर्मी के कारण लोग सुबह-शाम ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। रात में भी गर्मी का प्रकोप जारी रहता है। हालांकि रविवार की रात बादल छा गए थे, लेकिन सुबह को फिर गर्मी शुरू हो गई। अप्रैल माह में पड़ रही तेज गर्मी को देखकर लगता है कि आने वाले दिनों में पारा और ऊंचाइयां छुएगा।