मुजफ्फरनगर। शहर के गांधीनगर स्थित भाजपा कार्यालय पर बुधवार को पार्टी की बैठक में विभिन्न मोर्चा के आगामी दिनों होने वाले सम्मेलनों को तय कर उनकी सफलता की रूपरेखा बनाई गई।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम और सूबे के मंत्री बलदेव सिंह ओलख ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हुए पार्टी के पिछड़ा मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा, युवा मोर्चा व किसान मोर्चा के आगामी दिनों में होने वाले सम्मेलन की तिथियां निर्धारित की। पार्टी कार्यकर्ताओं से इन सम्मेलनों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया। उन्हीं के शब्दों में, अनुसूचित मोर्चा का सम्मेलन 16 मार्च को सरधना विधानसभा, महिला मोर्चा का सम्मेलन 17 मार्च को मुजफ्फरनगर विधानसभा, पिछड़ा मोर्चा का सम्मेलन 17 मार्च को ही चरथावल विधानसभा, किसान मोर्चा सम्मेलन 18 मार्च को बुढ़ाना विधानसभा और युवा मोर्चा सम्मेलन 19 मार्च को खतौली विधानसभा में कराया जाना निर्धारित किया गया। बैठक में जिला प्रभारी राजीव गुंबर, जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, नगर विधायक कपिलदेव अग्रवाल, बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक, चरथावल विधायक विजय कश्यप, खतौली विधायक विक्रम सैनी, महामंत्री हरीश अहलावत, शरद शर्मा, लोकसभा संयोजक सत्यपाल पाल, डॉ देशबंधु तोमर, कुशवेंद्र तोमर और डॉ वीरपाल निर्वाल आदि मौजूद रहे।