खानपुर के जंगल में तेंदुए की दस्तक
खतौली। गांव खानपुर के जंगल में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीण लाठी व डंडे लेकर जंगलों की ओर दौड़ पड़े। तेंदुए की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस भी जंगल में दौड़ पड़ी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तेंदुए को तलाश करने को जंगलों की घेराबंदी की, लेकिन तेंदुए का पता नहीं चल सका।
पुलिस चौकी पमनावली क्षेत्र के गांव खानपुर में बुधवार की शाम को जंगलों में काम करने वाले किसानों ने तेंदुए को देखा। किसान अपने खेतों से भाग खड़े हुए और गांव में पहुंचकर ग्रामीणों को तेंदुए होने की जानकारी दी। जंगल में तेंदुए होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीण लाठी डंडे लेकर जंगल की ओर दौड़ पड़े। तेंदुए होने की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों को साथ लेकर जंगलों में तेंदुए को पकड़ने के लिए घंटों तलाश किया। तलाश करने के बावजूद तेंदुए का जंगल में कहीं पता नहीं चल सका। बता दें कि पिछले माह रतनपुरी क्षेत्र में भी तेंदुए आ गया था। इस तेंदुए ने तीन भेड़ और एक भैंसा के बच्चों को अपना शिकार बनाया था। इसके अलावा जानसठ के गांव कवाल में भी तेंदुए ने हमला करके दो महिलाओं सहित तीन ग्रामीणों को रात के समय घायल कर दिया था। तेंदुए के हमले से घायल दोनों महिलाओं की उपचार के दौरान मौत हो चुकी है। तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। गांव के किसानों ने रात के समय जंगलों में जाना छोड़ दिया है।