दिनभर पुलिस को छकाता रहा अमन का हमलावर
मुजफ्फरनगर। हनुमान चौक पर रविवार देर रात पूर्व चेयरमैन के एकाउंटेंट को गोली मारने का आरोपी सोमवार को दिन भर पुलिस को छकाता रहा। आरोपी साथी के साथ सिर पर कैप लगाए दिन भर बाइक से शहर में इधर से उधर घूमता रहा, लेकिन पुलिस उसे पकड़ने में नाकाम ही रही।
शहर कोतवाली क्षेत्र के दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी अमन बंसल पूर्व चेयरमैन पंकज अग्रवाल के यहां पिता उमेश बंसल के साथ एकाउंटेंट का काम करता है। अमन बंसल को रविवार देर रात पंचमुखी स्थित मंदिर में चल रहे गणपति महोत्सव से लौटते समय हनुमान चौक के निकट अमन मित्तल नामक युवक ने गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल अमन बंसल को मेरठ रेफर कर दिया था। मामले में घायल के भाई शिवम बंसल ने हमलावर अमन मित्तल चक्की वाले के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। देर रात से ही पुलिस हमलावर की तलाश में लगातार दबिश देती रही, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। वहीं, सूत्रों के अनुसार आरोपी अमन मित्तल सोमवार को दिनभर अपने एक साथी के साथ सिर पर कैप लगाए बाइक पर पूरे शहर में पुलिस से बेखौफ इधर से उधर घूमता रहा, लेकिन पुलिस उसकी परछाई नहीं छू सकी। सबसे पहले उसके गांव न्याजूपुरा में शिवमंदिर के पास होने की बात सामने आई, लेकिन जब तक पुलिस वहां पहुंचती, वह वहां से निकलकर मिमलाना रोड जा पहुंचा। लगातार उसकी लोकेशन खंगाल रही पुलिस जब तक मिमलाना रोड पहुंची, वह वहां से भी रफूचक्कर हो गया। इसके बाद भी उसके लगातार इधर से उधर घूमने की सूचनाएं पुलिस को मिलती रही, लेकिन हर बार वह पुलिस पर भारी पड़ा, जिसके चलते खाकी उसे छू तक नहीं पाई। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि हमलावर की तलाश में टीमें लगी हुईं हैं और बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।