जानसठ। ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यशाला में केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को लाभ देने के लिए बीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों व ग्राम सचिवों की बैठक लेकर तीन दिन में लाभार्थियों का चयन करने के निर्देश दिए।
ब्लॉक परिसर में केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना को धरातल पर लाने के लिए योजना के नोडल अधिकारी बीडीओ विजय प्रताप यादव की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों व ग्राम सचिव आदि के साथ एक कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना की जानकारी देते हुए बताया कि 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत दिवस के रुप में मनाया जाएगा। योजना के तहत सूची 2011 में शामिल परिवारों में से चयनित लाभार्थियों, परिवारों के प्रति वर्ष पांच लाख तक की चिकित्सा सहायता केंद्र सरकार द्वारा नि:शुल्क दी जाएगी। इस दौरान सूची में शामिल परिवार में यदि कोई नया सदस्य जुड़ता है उसे तुरंत जोड़ा जा सकता है। योजना का लाभ देने के लिए पात्र परिवार के चयन का काम शीघ्र शुरू करके उसकी सूची 30 अप्रैल तक समस्त गांव के पंचायत भवन में चस्पा कर प्रकाशित करनी होगी। चयनित परिवार का राशन कार्ड व उसमें परिवार के सभी सदस्यों का नाम होना अनिवार्य है। आयुष्मान भारत योजना के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी डॉ. विजय प्रसाद यादव ने बताया कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत कासमपुर भूमा गांव में भी रैली निकालकर नागरिकों को योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। कार्यशाला में चिकित्सा अधिकारी जानसठ डा. नदीम, दीपक, अवधेश कुमार, सत्येंद्र, योगेश कुमार, पुनीत मलिक, इनाम खान, शमीम, निसार अहमद, उर्मिला देवी, आदि मौजूद रहे।