किसान की गन्ने की फसल जली
मोरना। ककरौल के गांव खरपोड़ निवासी चंद्रपाल पुत्र दाताराम के खेतों के ऊपर से हाइटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। ग्राम प्रधान के पति कपिल कुमार ने बताया कि नीचे लटक रहे तारों को ठीक कराने के लिए लिखित में कई बार विद्युत निगम को अवगत कराया गया। अधिकारी व कर्मचारियों की लापरवाही के कारण गरीब किसान चंद्रपाल के खेत में खड़ी गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई, जिसको लेकर एसडीएम जानसठ गजल भारद्वाज से बाबूराम, बबलू प्रधान, हरपाल, राजवीर, डालेन्द्र, शहजोर, ऋषिपाल, बर्फसिंह, राजवीर बंजारा, आदि ने किसान के नुकसान की भरपाई को लेकर आर्थिक सहायता की मांग की है।
शांतिभंग की आशंका में चार को जेल भेजा
रतनपुरी। पुलिस ने अलग अलग मामलों में चार लोगों को शांतिभंग में जेल भेजा। थानाध्यक्ष विरेंद्र कसाना ने बताया कि गांव कैलाशनगर निवासी मनीष उर्फ मनी पुत्र रामनरेश एवं पुष्पेंद्र उर्फ फौजी पुत्र बीरपाल के बीच किसी पुरानी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया। दोनों के बीच मारपीट हुई। मारपीट की सूचना पर रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने झगड़ा कर रहे मनीष उर्फ मनी एवं पुष्पेंद्र उर्फ फौजी को हिरासत में लेकर शांतिभंग में जेल भेजा है। दूसरे मामले में गांव अंबरपुर निवासी सचिन पुत्र राजेंद्र और मंडावली खादर निवासी अमित पुत्र ब्रहमपाल को भी शांतिभंग में जेल भेजा।