शिक्षण संस्थाओं में महिला दिवस मनाया
चरथावल। शिक्षण संस्थाओं में महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने नाटिका और भाषण के माध्यम से महिलाओं के राष्ट्र के उत्थान में बढ़ते कदम को प्रस्तुत किया। सोशल साइट्स पर आकर्षक संदेशों ने महिला दिवस पर धूम मचाए रखी।
हैबतपुर के जय भारत पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्या नीलम शर्मा ने सशक्तीकरण पर चर्चा करते हुए कहा कि महिलाएं प्रतिभा के दम पर हर क्षेत्र में कामयाबी पाने में सक्षम हैं। चंद्रशेखर आजाद डिग्री कॉलेज में प्रवक्ता सत्यवती ने कहा कि वेदों में महिलाओं की महिमा का बखूबी उल्लेख किया गया है। वास्तव में नारी त्याग, समर्पण, निष्ठा, दया और ममता की प्रतीक है। छात्राओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के संबंध में कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उधर, नालंदा पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य संजय सिंह ने विद्यार्थियों को महिला दिवस पर चर्चा की और देश-विदेश में उच्च पदों पर आसीन महिलाओं के बारे में बताया। आईजी पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्या रचना सिंह ने तमाम महिला स्टाफ को सम्मानित किया। कहा कि आधुनिक युग में नारी शब्द किसी परिचय का मोहताज नहीं है।