वाजिदपुर की बिजली काटी, ग्रामीणों में रोष
जानसठ। विद्युत निगम ने गांव वाजिदपुर के ग्रामीणों द्वारा विद्युत बिल जमा नहीं करने पर गांव की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से काट दी गई। विद्युत आपूर्ति काटने को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। विद्युत आपूर्ति सुचारु न करने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को गांव वाजिदपुर के ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ बैठक कर रोष जताते हुए कहा कि कुछ ग्रामीणों के बिल जमा न होने के कारण पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति काटना गलत है। विद्युत निगम का लगभग 100 ग्रामीणों पर 25 लाख रुपये से अधिक का बकाया है। बैठक में अनंगपाल राठी ने कहा कि इस समय बच्चों की परीक्षाएं चल रही है। ऐसे में विद्युत निगम द्वारा पूरे गांव की विद्युत व्यवस्था ठप कर बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे ग्रामीण बर्दाश्त नहीं करेंगे। ग्रामीणों ने विद्युत निगम को चेतावनी दी कि यदि विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो विद्युत निगम के खिलाफ आंदोलन चलाया जाएगा। बैठक में एलडीबी बैंक के पूर्व चेयरमैन योगेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान बिजेंद्र राठी, हरभजन, धर्मवीर राठी, राजेश, राजेंद्र आदि ग्रामीण मौजूद रहे।