विद्यार्थियों के सवाल के जवाब दिए
खतौली। रेलवे रोड पर कैन कंप्यूटर शिक्षा संस्थान पर प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि बेस्ट बूमेंस अवार्ड से सम्मानित फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सारा तारिक ने एनकायलॉजिंग स्पोंडिलायटिस व एचएलए बी-27 के ऊपर किए गए शोध के चलते वूमेंस अचीवर्स अवार्ड के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके साथ ही छात्र व छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर दिए। छात्र और छात्राओं को महत्वपूर्ण टिप्स दिए। कार्यक्रम में डा. सारा तारिक को सेंटर डायरेक्टर सरदार गुरिंदर सिंह ने शॉल एवं बुकें भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर देवेंद्र शर्मा, अमित शर्मा, सोनू बालियान, रचना, प्रतिभा, शाकिर अली, गौरव, एकता आदि मौजूद रहे।
युवा बना सकते हैं अपना भविष्य
जानसठ। एंबिएंस एकेडमी स्कूल में दो दिवसीय स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जूनियर वर्ग के लिए आयोजित प्रतियोगिता में छात्र व छात्राओं ने अपने प्रतिभा दिखाई। स्कूल प्रबंधक भावेश गुप्ता व रविंद्र राजवंश ने बताया आज के दौर में युवा वर्ग खेलों में भाग लेकर अपना कैरियर बना सकते हैं। स्कूल की प्रधानाचार्या रितिका महाजन ने कहा कि स्कूल का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा की ओर ले जाना है, जिससे शिक्षा के साथ उनकी बहुमुखी प्रतिभा को निखारा जा सके। स्कूल में चल रही प्रतियोगिता का समापन सोमवार को होगा तथा विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर जसवीर धीमान, सत्येंद्र चौधरी, रेनू आदि उपस्थित रहे।