विद्युत दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। विद्युत दरों में भारी बढ़ोतरी किए जाने के फैसले के विरोध में व्यापारियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में इस वृद्धि को जनहित में वापस लेने की मांग की है।
बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर विद्युत दरों में वृद्धि का विरोध किया। व्यापार मंडल के वरिष्ठ प्रचार मंत्री अनिल कंसल, युवा महामंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि हमारा संगठन प्रदेश में सरकार एवं विद्युत नियामक आयोग द्वारा बढ़ाई गई विद्युत दरों को वापस लेने की मांग करने के लिए यह प्रदर्शन कर रहा है। व्यापार मंडल ने सीएम योगी को ज्ञापन भेजा। इसमें विद्युत दरों में वृद्धि को वापस लेने की मांग की। व्यापारी और उद्यमी से फिक्स चार्ज समाप्त करने, कॉमर्शियल विद्युत दरों में वृद्धि वापस करने, व्यापारियों को सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस प्राथमिकता पर जारी करने की मांग की गई हैं। प्रदर्शनकारियों में अमित गर्ग, ओमकार अहलावत, राधेश्याम विश्वकर्मा, विपुल भटनागर, रामकुमार तायल, नरेंद्र मित्तल, सुमित गर्ग, शिवकुमार, प्रवीण जैन, राकेश अग्रवाल, कमल किशोर, मुकेश गुप्ता, तरणजीत सिंह, राजीव सिंघल, प्रतीक मित्तल, संजय गुप्ता, सौरभ नरूला, अजय गर्ग, सुनील सैनी, सुरेश जैन, विमल गुप्ता, संजय गर्ग, श्याम सुन्दर, विवेक कुच्छल, मनोज सिंघल आदि व्यापारी शामिल रहे।