जीवना गांव में स्वास्थ्य विभाग की चौकसी
मुजफ्फरनगर। गांव जीवना में स्वास्थ्य विभाग का ट्रीटमेंट अभियान सोमवार को भी जारी रहा। मेरठ मेडिकल से आई ब्लड सेंपल की रिपोर्ट में 30 और लोगों में टाइफाइड की पुष्टि हुई है। गांव में अभी तक टाइफाइड के 41 मरीज निकल चुके हैं, जबकि एक मलेरिया पॉजीटिव मिला है।
गांव जीवना में वायरल और टाइफाइड का सितम जारी है। टाइफाइड और वायरल के लक्षण कहां से आए हैं, विभाग इसकी खोजबीन में लग गया है। ग्रामीणों को सफाई के साथ वस्तुओं को ढक रखने की नसीहत दी गई है। बीमार लोगों के पास स्वस्थ लोगों को कमतर रूप में जाने के लिए कहा गया है। गांव में एमबीबीएस और बीएएमएस चिकित्सकों की टीम का सोमवार को भी अभियान जारी रहा। टीम ने करीब 50 से अधिक मरीजों की जांच पड़ताल की। शनिवार को मेरठ मेडिकल कालेज भेजे गए 38 ब्लड सेंपल की रिपोर्ट जिला अस्पताल पहुंची है। इनमें से 30 लोगों को टाइफाइड बुखार की पुष्टि हुई है, जिनके उपचार के लिए विभागीय अधिकारियों ने कार्रवाई प्रारंभ कर दी। गांव में टाइफाइड के करीब 41 मरीज मिल चुके हैं। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने बताया कि जीवना गांव में चिकित्सकों की टीम कार्य कर रही है। यहां जो मरीज मिल रहे हैं, उनका उपचार किया जा रहा है।