कूड़ा उठाने वाले वाहनों की मांगी रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका प्रशासन ने शहर में कूड़ा उठाने के लिए दर्जनों छोटे-बड़े वाहन लगा रखे हैं। अधिकांश वाहन जर्जर हो गए हैं। इन वाहनों के बिना पंजीकरण और फिटनेस के दौड़ाने का शक जाहिर किया गया है। मामले की एआरटीओ से शिकायत की गई। जिस पर एआरटीओ ने पालिका को नोटिस देकर एक सप्ताह के भीतर वाहनों के बारे में संपूर्ण ब्यौरा मांगा है।
शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सफाई कार्य पर हर माह लाखों रुपये फूंके जाते हैं। सुबह और शाम दो शिफ्टों में कूड़ा उठाने के लिए पालिका प्रशासन ने वाहन लगाए हुए हैं। छोटे वाहन गलियों से कूड़ा एकत्र करते हैं, जबकि बड़े वाहन ढलाव घरों से कूड़ा उठाकर बाहर ले जाते हैं। पालिका के अधिकांश वाहन जर्जर हालत में है। पालिका के वाहनों की एआरटीओ से शिकायत की गई है। जिसमें वाहनों की फिटनेस से लेकर पंजीकरण पर भी सवाल उठाए गए हैं। एआरटीओ ने पालिका के वाहनों की जांच पड़ताल कराई तो इनका जनपद में पंजीकरण नहीं मिला है। अधिकारियों को शक है कि वाहन बिना पंजीकरण के चल रहे हैं।
इसको लेकर एआरटीओ प्रशासन राजीव कुमार बंसल ने पालिका प्रशासन को पत्र लिखा है। जिसके माध्यम से पूछा गया है कि कूड़ा उठाने वाले वाहनों का पंजीकरण कहां दर्ज हैं। कब-कब इन वाहनों की फिटनेस जांच कराई गई है। किस-किस नंबर से वाहन हैं और कितने वाहन हैं। एआरटीओ ने वाहनों की आरसी, सर्टिफिकेट, प्रदूषण के साथ तमाम कागजातों के साथ रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर देने के निर्देश दिए हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजीव कुमार बंसल ने बताया कि यह गंभीर है कि वाहनों को बिना फिटनेस के दौड़ाया जा रहा है। पालिका के वाहनों की शिकायत की गई थी, जिसकी जांच-पड़ताल की गई है। वाहनों का जनपद में कोई पंजीकरण नहीं मिला है। इसके लिए पालिका को पत्र लिखकर वाहनों का ब्यौरा तलब किया गया है।