चरथावल। प्रधानमंत्री जन औषधि परियोजना के अंतर्गत आमजन को सस्ती दरों पर दवाएं मुहैया कराने के लिए पहले चरण में चरथावल समेत चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जनऔषधि केंद्र खोलने की मंजूरी मिल गई है। सीएमओ ने केंद्र प्रभारी से इस संबंध में स्थान चिह्नित करने के लिए कहा है।
शासन ने चरथावल के अलावा जनपद के मखियाली, जानसठ और खतौली सीएचसी पर जनऔषधि केंद्र खोलने की मंजूरी दी है। अस्पतालों में निशुल्क दवाओं के लिए जरूरतमंद लोगों को चिकित्सक बाहर से महंगी दवाएं लिखने की शिकायत आम रहती है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना के तहत चरथावल ब्लॉक के हजारों लोगों को मामूली कीमत पर जेनेरिक दवाएं उपलब्ध होगी। सीएमओ ने केंद्र प्रभारी को पत्र भेजकर केंद्र खोले जाने के लिए सीएचसी में स्थान का चयन करने का आदेश दिया है, लेकिन सीएचसी पर पहले ही कक्षों की कमी है। चूंकि पीएचसी की बिल्डिंग में सीएचसी संचालित हो रही है।
चिकित्साधीक्षक डॉ. अर्जुन सिंह ने बताया कि जन औषधि केंद्र खुलने से लोगों को काफी कम रेट पर अच्छी दवाएं मिलेंगी। अस्पताल से नहीं मिलने वाली चिकित्सकों द्वारा लिखी दवाओं को मरीज इन केंद्रों से ले सकता है। केंद्र खोलने के लिए वर्तमान में सीएचसी बिल्डिंग में कोई कक्ष खाली नहीं है, लेकिन नया कक्ष बनवाने के लिए उन्होंने भूमि उपलब्ध कराने की संस्तुति भेजी गई है।