पांच बंदी सहित 90 नए संक्रमित
मुजफ्फरनगर। लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के बावजूद लोग लापरवाह बने हैं। बृहस्पतिवार को कवाल जेल में बंद पांच बंदी समेत 90 नए संक्रमित केस मिले हैं। इनमें छह बच्चे भी शामिल हैं। अब जिले में मरीजों की संख्या पांच सौ पार कर 523 पहुंच गई है। डीएम का कहना है कि यदि हालात न सुधरे तो नाइट कर्फ्यू पर निर्णय लिया जा सकता है।
सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार ने बताया कि शहरी क्षेत्र में सबसे अधिक 63 मरीज मिले हैं। शहर के निकट देहात में आठ, बघरा में चार, चरथावल में एक, जानसठ में छह, खतौली में दो, मोरना क्षेत्र में दो, शाहपुर में तीन तथा पुरकाजी ब्लॉक क्षेत्र में एक मरीज मिला है। कवाल जेल में पांच बंदी पॉजिटिव आए हैं। नई मंडी क्षेत्र में नौ मरीज मिले हैं।
द्वारिकापुरी में पांच, गगन विहार में एक ही परिचार के चार परिजन, आनंदपुरी व मल्हूपुरा में भी एक ही परिवार के चार-चार परिजन पॉजिटिव मिले है। बघरा सीएचसी के दो कर्मचारी, जवाहर नवोदय विद्यालय के एक शिक्षक, मोरना शुगर मिल का एक कर्मचारी भी संक्रमित मिला है।
इनके अलावा मखियाली में तीन, खेरखत्ती में चार, पटेलनगर में दो, साकेत में दो, भरतीय कालोनी में दो, गऊशाला में दो मरीज मिले हैं। 90 संक्रमितों में छह बच्चे , 53 पुरुष और 31 महिलाएं शामिल हैं। इनमें 78 संपर्क वाले मरीज हैं। 12 लोग रैंडम जांच में पॉजिटिव मिले हैं। एक्टिव मरीज का आंकड़ा 523 पर पहुंच गया है। उधर शासन के निर्देश है कि एक मरीज मिलने पर बीस घरों को सील किया जाए, मगर ऐसा नहीं हो रहा है।
कोट..
- जिले में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं, क्योंकि लोग लापरवाही बरत रहे हैं। केस पांच सौ से अधिक हो गए हैं। एक-दो दिन में यदि सुधार नहीं हुआ तो बैठक कर नाइट कर्फ्यू का निर्णय लिया जा सकता है।
सेल्वा कुमारी जे, जिलाधिकारी