देवबंद। इस विधानसभा सीट पर इस बार करीब 9 हजार नए मतदाता बढ़ गए हैं। इनमें सर्वाधिक युवा मतदाता हैं। जो विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों की जीत हार तय करेंगे।
प्रदेश में 1 नवंबर से आरंभ हुआ मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 5 दिसंबर को संपन्न हुआ। एक माह से अधिक समय तक चले इस अभियान में बूथों पर विशेष शिविर का भी आयोजन हुआ। जिसमें नए वोट बनाने के लिए साथ त्रुटियों को दुरुस्त किया गया। बीएलओ ने घर-घर जाकर नए मतदाता तलाश कर वोट बनाए। पिछले दिनों मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन हुआ। देवबंद विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 47 हजार 512 कुल मतदाता हैं। इनमें 185901 पुरुष व 161611 महिला मतदाता हैं, जबकि ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 15 है। एसडीएम दीपक कुमार ने बताया कि देवबंद विधानसभा में 177 मतदान केंद्र और 400 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। आचार संहिता का सभी राजनीतिक दलों को पालन कराया जा रहा है। चुनाव आयोग के निर्देश पर नगर में बैनर, पोस्टर व होर्डिंग्स को उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को मद्देनजर रखते हुए चुनाव आयोग ने 15 जनवरी तक चुनावी रैलियों, पदयात्रा, जनसभाओं और साइकिल-बाइक यात्रा समेत अन्य सभा प्रकार के आयोजन पर रोक लगा दी है।