869 बुजुर्गों ने टीका लगवाया
मुजफ्फरनगर। जनपद में कोरोना से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान में बुधवार को 1055 लोगों ने टीका लगवाया। इनमें सबसे अधिक बुजुर्गों ने टीकाकरण कराया है। बृहस्पतिवार को आज 72 स्थानों पर टीकाकरण किया जाएगा।
जिले में बुधवार को दस स्थानों पर कोविड से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया। जिला चिकित्सालय समेत सभी नौ ब्लॉकों की सीएचसी पर टीकाकरण किया गया। इसके लिए 2600 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। शाम तक सभी स्थानों पर 1055 लोगों ने टीका लगवाया। इनमें 936 लोगों ने पहला टीका लगवाया, जिनमें 869 बुजुर्ग शामिल रहे। बाकी बीमार, स्वास्थ्य कर्मी, प्रथम पंक्ति के कर्मचारी शामिल रहे। इसके अलावा 119 लोगों ने कोरोना वैैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई है। सीएमओ एसके अग्रवाल ने बताया कि रोजाना प्रथम और द्वितीय डोज दी जा रही है। बृहस्पतिवार को बड़े स्तर पर टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए 72 स्थानों पर टीका लगाने की व्यवस्था की गई है।