कार में लिफ्ट देकर 86 हजार लूटे
खतौली (मुजफ्फरनगर)। जानसठ तिराहे से तहसील जाने के लिए कार में लिफ्ट देकर बदमाशों ने एक ग्रामीण से 86 हजार रुपये की लूट को अंजाम दिया। बदमाश ग्रामीण को सलावा के पास गंगनहर में अचेत अवस्था में फेंक गए। किसी प्रकार बाहर निकलकर ग्रामीण ने ई-रिक्शा चालक की मदद से अपने परिजनों को सूचना दी। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है।
नावला निवासी 65 वर्षीय ग्रामीण इसराईल ने पुलिस को बताया कि वह किसी काम से पहले मंसूरपुर गया। वहां से वह सरिया और सीमेंट लेने के लिए खतौली पहुंचा। खतौली में जानसठ तिराहे पर उससे एक व्यक्ति ने तहसील जाने का मार्ग पूछा। उसे भी तहसील जाना था, इसलिए कार सवार बदमाशों ने उसे कार में लिफ्ट दी और तहसील मार्ग की ओर चल दिए। पीड़ित के अनुसार जब उसे होश आया तो वह सलावा के समीप गंगनहर में किनारे पर पड़ा था। आवाज देने पर ई-रिक्शा चालक ने उसे किसी प्रकार बाहर निकाला तथा उसके परिजनों को सूचना दी। बुजुर्ग व्यक्ति से बदमाशों ने 86 हजार रुपये की नगदी लूट ली।
पीड़ित ने पुलिस को घटना की तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। पुलिस ने मामला मेरठ जनपद का बताया, लेकिन तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कार का पता लगाने के प्रयास कर रही है।