12 ट्रेनें फिर हुई रद्द
मुजफ्फरनगर। खतौली-मुजफ्फरनगर के बीच डबल ट्रैक पर कार्य के चलते रेलवे ने एक दर्जन ट्रेनों को फिर से आगामी आदेश तक रद्द कर दिया है। अधिकांश पैसेंजर ट्रेन रद्द रहने से यात्री परेशान है। उधर, मंसूरपुर में ओवरब्रिज के नीचे का फाटक बंद नहीं किए जाने से दोहरीकरण का कार्य प्रभावित हो रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह फाटक बंद होगा, तभी दोहरीकरण का बाकी कार्य पूरा हो सकता है। इसके बाद ही खतौली-मुजफ्फरनगर के बीच नए ट्रैक पर रेलों को संचालन संभव है।
उत्तर रेलवे ने इस दोहरीकरण के चलते बीते पांच दिनों में इस मार्ग पर चलने वाले 11 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया था। मंगलवार से ये ट्रेन फिर से शुरू होने वाली थी, मगर रेलवे अधिकारियों ने एक दर्जन ट्रेनों को फिर से आगामी आदेश तक रद्द कर दिया है। दिल्ली-सहारनपुर की सभी अप और डाउन पैसेंजर, दिल्ली-अंबाला, निजामुद्दीन-अंबाला, अंबाला-पुरानी दिल्ली, ऋषिकेश-दिल्ली पैसेंजर, अंबाला-दिल्ली इंटरसिटी, मेरठ-अंबाला अप एवं डाउन पैसेंजर को रद्द किया है। नौचंदी लिंक भी रद्द रहेगी। नौंचंदी एक्सप्रेस का संचालन मेरठ से होगा।