अमर उजाला ब्यूरो
मुुजफ्फरनगर। शुगर के मरीजों और अनियंत्रित ब्लड प्रेशर वाले मरीजों में हार्ट अटैक की संभावना अधिक होती है। शुगर के मरीजों में यह जरूरी नहीं कि हार्ट अटैक होने पर सीने में दर्द हो। कई बार पसीना आना और सांस फूलना भी हार्ट अटैक का लक्षण हो सकता है। ,
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से कमला फार्म्स में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में मेरठ के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ अनुभव सिंघल ने हार्ट अटैक के लक्षण बताए। कहा कि सर्दी के मौसम में ब्लड प्रेशर बढ़ने और सुबह के समय हार्ट अटैक होने की आशंका अधिक होती है। दर्द होने पर टहलना नहीं चाहिए। हार्ट अटैक के लक्षण दिखने पर मरीज को ज्यादा हिलाना-डुलाना नहीं चाहिए। तुरंत एंबुलेंस बुलाकर हृदय रोग विशेषज्ञ के पास ले जाएं। उन्होंने कहा कि हृदय रोग से बचाव के लिए खाने-पीने का विशेष ध्यान रखें। कम चिकनाई युक्त खाना खाएं और थोड़ी मात्रा में भोजन करें। नियमित हल्का व्यायाम करें और तंबाकू, सिगरेट, शराब आदि से दूर रहें। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने कहा कि अनियमित दिनचर्या व खानपान बढ़ती बीमारियों का प्रमुख कारण है। मुख्य अतिथि सहारनपुर के जिला जज राजीव शर्मा ने कहा कि जानकारी के अभाव में दूरदराज के इलाकों में मरीजों को उपचार नहीं मिल पाता। वहां विशेषज्ञ डाक्टर नहीं होते। स्वास्थ्य जागरूकता शिविरों के माध्यम से लोगों को बीमारियों के प्रति सचेत किया जा सकता है। शिविर में डॉ मंजुल गौड़, डॉ दीप्ति अग्रवाल, डॉ निधि गौड़, डॉ डीएस मलिक, डॉ सुनील सिंघल, डॉ एमके बंसल, डॉ अभिषेक गौड़, डॉ आरएन त्यागी, डॉ हरेंद्र जैन, डॉ रमेश माहेश्वरी, डॉ एससी गुप्ता, डॉ अशोक शर्मा, पूर्व सीएमओ डा. वीके जौहरी आदि मौजूद रहे। संचालन आईएमए अध्यक्ष डॉ यूसी गौड़ ने किया।