स्कूल में बच्चों पर गिरा सूखे पेड़ का टहना
साल्हाखेड़ी में हुआ हादसा, परिजनों ने किया हंगामा, स्कूल में ताला डालने की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
तितावी।
गांव साल्हाखेड़ी में स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर-एक में शनिवार सुबह स्कूल परिसर में प्रार्थना होने से ठीक पहले बच्चों के ऊपर एक सूखे पेड़ का भारी-भरकम टहना आ गिरा, जिसकी चपेट में आकर दो बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्कूूल पहुंचकर हंगामा करते हुए परिसर से सूखे पेड़ व बिजली के तार हटवाने की मांग की। गुस्साए ग्रामीणों ने शिक्षकों से सूखे पेड़ व बिजली के तार नहीं हटवाए जाने पर स्कूल से बच्चों के नाम कटवाने व उसमें ताला डालने की चेतावनी दी है।
विकास खंड बघरा के गांव साल्हाखेड़ी में स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर-एक के प्रांगण में शनिवार सुबह बच्चे प्रार्थना की तैयारी कर रहे थे। ठीक उसी समय विद्यालय प्रांगण में खड़े सूखे पेड़ से एक बड़ा टहना टूटकर बच्चों के निकट जा गिरा। पेड़ का भारी-भरकम टहना जिस समय गिरा, प्रांगण में बच्चे अपेक्षाकृत कम ही थे। इसके बावजूद दो मासूम उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई, जिसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीण स्कूल में पहुंच गए और वन विभाग व शिक्षा विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। वहीं, घायल दोनों मासूमों को एक डॉक्टर के क्लीनिक पर ले जाकर उन्हें उपचार दिलाया गया। हंगामा बढ़ता देख साल्हाखेड़ी प्रधान सुरेंद्र कुमार भी विद्यालय में पहुंच गए और हंगामा कर रहे लोगों को समझाया। इस दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में खड़े सूखे पेड़ों व ऊपर से जा रहे बिजली के तारों को हटवाने की मांग करते हुए बताया कि इस बाबत कई बार डीएम, वन विभाग व बिजली विभाग को लिखित शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।