विधायक विक्रम सैनी पर अनदेखी का लगाया आरोप लगाया
जानसठ। भाजपा विधायक व थाना इंस्पेक्टर के बीच चले आ रहे विवाद का प्रकरण अब सड़कों पर आ गया है। इंस्पेक्टर पक्ष के समर्थकों ने कहा कि वे पार्टी के लिए कार्यकर्ता के रूप में जमीन स्तर पर काम करते हैं। इसलिए हम ही असली भाजपाई हैं। इंस्पेक्टर के समर्थकों ने विधायक पर उनकी अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उधर, विधायक के समर्थक भी अपने को भाजपा साबित करने के लिए लोगों को सफाई देते घूम रहे हैं। यह मामला खत्म होने के बजाए दिन प्रतिदिन तूल पकड़ता जा रहा है।
मंगलवार को निरीक्षण भवन में इंस्पेक्टर प्रेमवीर सिंह राणा के समर्थक के रूप में जुटे क्षेत्र के लोगों की बैठक हुई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वे भाजपा के कार्यकर्ता हैं और पार्टी के लिए चुनाव में बूथ स्तर तक कार्य करते हैं, लेकिन भाजपा विधायक विक्रम सैनी व भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सतीश खटीक उन्हें भाजपा कार्यकर्ता नहीं बता करके अन्य पार्टियों के कार्यकर्ता बता रहे हैं, जिसको लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। बैठक में पूर्व प्रधान हरेंद्र सिंह व संजय राठी ने कहा कि भाजपा विधायक क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि इंस्पेक्टर प्रेमवीर राणा क्षेत्र में सरकार हित में ही अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने कोतवाली में अब तक 132 फैसले करा दिया हैं, इसके बाद भी क्षेत्रीय विधायक उन्हें जाति विशेष का इंस्पेक्टर होने के नाते उनके पीछे पड़े हुए हैं। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं किया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। बैठक में एलडीबी के चेयरमैन नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र चेयरमैन, विकास राजपूत, सेंसर पाल, इकबाल सिंह, कैलाश धीमान, हरवीर सैनी, चंद्रप्रकाश नंगला, सुरेंद्र, विनोद, नानू पाल, हरेंद्र सिंह, संजय राठी प्रधान आदि मौजूद रहे।