पुरकाजी। थाना क्षेत्र के खादर के गांव भैंसनीवाला में शुक्रवार दोपहर को अचानक आग लगने से गांव में दहशत फैल गई। आग का कारण ज्ञात नहीं हो सका। आग से 15 ग्रामीणों की झोपड़ी जल गई, जिनमें ग्रामीणों का लाखों का सामान स्वाहा हो गया। क्षेत्रीय विधायक प्रमोद ऊंटवाल ने मौके पर जाकर पीड़ित ग्रामीणों का हर संभव मदद दिलवाने का आश्वासन दिया है।
भैंसनीवाला गांव में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ग्रामीणों की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण आग के कारण पूरे गांव में अफरातफरी के साथ दहशत फैल गई। सैकड़ों ग्रामीण आग बुझाने को दौड़ पड़े। पुलिस और फायरब्रिगेड को सूचना दी गई। मगर जब तक दमकल विभाग पहुंची, तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन तब तक 15 ग्रामीणों की झोपड़ी जल कर राख हो चुकी थी। उनका सामान भी जल चुका था। सूचना पर विधायक प्रमोद ऊंटवाल भाजपा नेताओं के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि वाजिद, साजिद, शमशाद, अख्तर, आजाद, इत्तेफाक, सत्तार, गुल मोहम्मद समेत 15 ग्रामीणों की झोपड़ी जली है। आग लगने का कारण पता नहीं चला। विधायक ने पीड़ित ग्रामीणों को मदद का आश्वासन दिया है।
सिपाही लाइन हाजिर
पुरकाजी। एसएसपी ने थाने पर तैनात सिपाही प्रवीण को लाइन हाजिर कर दिया है। बताया गया है कि बुधवार को बाइक सवार तीन युवकों को पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोका था। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसकी जानकारी मिलने पर एसएसपी ने सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया।
पशु चोरी
पुरकाजी। फलौदा निवासी रामकुमार के मकान से रात को अज्ञात लोगों ने एक गाय और बछिया चोरी कर ली। पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
अपहरण का मुकदमा
पुरकाजी। एक महिला ने मुजफ्फरनगर के लददावाला निवासी युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपी उसकी बेटी को बहला फुसला कर अपहरण कर ले लिया है। पुलिस ने कार्रवाई शुरु कर दी है।