विज्ञान के पेपर से डर गए 2300 विद्यार्थी
मुजफ्फरनगर। मंगलवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में विज्ञान वर्ग की परीक्षा रही। विज्ञान के पेपर से 2300 से ज्यादा परीक्षार्थियों को डर महसूस हुआ। कैमरे की निगरानी में हो रही परीक्षा में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पेपर से मुंह मोड़ रहे हैं। वहीं, बृहस्पतिवार को हाईस्कूल की परीक्षा सम्पन्न हो जाएगी। इंटरमीडिएट की परीक्षा मार्च में समाप्त हो रही है।
योगी सरकार में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं कराने से पहले केंद्रों पर कैमरों का इंतजाम किया गया। जिले में भी 75 परीक्षा केंद्रों पर कैमरों की निगरानी में पेपर चल रहे हैं, जिसका कंट्रोल रूम जीआईसी को बनाया गया है। मंगलवार को हाईस्कूल की पाली में विज्ञान वर्ग का पेपर था, जिसमें 32686 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इस पेपर में 31021 ने भाग लिया। जबकि 1664 ने पेपर से मुंह मोड़ लिया। इंटरमीडिएट में कंप्यूटर की पाली में 698 में से 687 ने परीक्षा दी, जिसमें 11 अनुपस्थित रहे। वहीं, शाम की पॉली में इंटरमीडिएट में रसायन विज्ञान का हुआ। इसमें 10492 पंजीकृत में से 10043 ने पेपर दिया। इस पॉली में 499 ने परीक्षा से दूरी बनाई। व्यापारिक संगठन परीक्षा में 3990 पंजीकृत थे, इनमें 3782 ने परीक्षा में भाग लिया है। इस पेपर में भी 208 गैरहाजिर रहे। जनपद में इस बार परीक्षा छोडऩे वालों की भी बड़ी संख्या रिकार्ड की गई है।