शहर में 570 बीघा जमीन कब्जाने पर नोटिस जारी
मुजफ्फरनगर।
जिला प्रशासन ने शहर में नवाब मोहम्मद सज्जाद अली के नाम की शत्रु संपत्ति की 570 बीघा जमीन अवैध रूप से कब्जाने के मामले में उद्यमी आलोक स्वरूप, अनिल स्वरूप और लाला दुर्गा प्रसाद, लाला मीरीमल और लाला दीपचंद के परिजनों को नोटिस जारी किए हैं। प्रशासन ने कहा है कि क्यों न उक्त जमीन को शत्रु संपत्ति घोषित कर दिया जाए।
शहर में शत्रु संपत्ति को चिह्नित करने के लिए डीएम ने अधिकारियों की एक टीम गठित की थी। कई माह तक गोपनीय तरीके से चली जांच के बाद सामने आया कि शहर में शत्रु संपत्ति की नवाब मोहम्मद सज्जाद अली की जमीन सरकार के पास नहीं है। 570 बीघा जमीन पर आलोक स्वरूप, अनिल स्वरूप पुत्र कुंवर विनोद स्वरूप, लाला दुर्गा प्रसाद पुत्र रामविलास, लाला मीरीमल पुत्र सुंदरलाल, लाला दीपचंद पुत्र पीरुमल के परिजनों का कब्जा है। जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार रंजीत सिंह ने अनिल स्वरूप, आलोक स्वरूप को नोटिस जारी किया है। इसी के साथ दुर्गा प्रसाद, मीरीमल और दीपचंद के परिजनों को भी नोटिस भेजे गए हैं। तहसीलदार ने बताया कि जांच में सामने आया है कि जमीन में लाला रघुराज स्वरूप पुत्र सेठ यशवंत दास स्वरूप ने 70-80 साल पहले हेराफेरी की थी। जमीनों पर सिकमी कब्जा कर अवैध तरीके से अपने कब्जे दिखाए गए। नोटिस में यह कहा गया है कि इन जमीनों का अपनी होने का ये लोग सबूत दें, यदि सबूत नहीं देते हैं तो क्यों न यह जमीन शत्रु संपत्ति घोषित कर दी जाए। इन जमीनों पर सैकड़ों दुकानें, मॉल, मंडप आदि बन चुके हैं। डीएम जीएस प्रियदर्शी ने इस मामले में बताया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। कानून के अनुसार ही कार्रवाई होगी।