50 में से 20 वार्डों में महिला प्रत्याशी जीतीं
मुजफ्फरनगर।
शहर सरकार के गठन में आधी आबादी ने मतदान में जैसा जोश दिखाया, उसके अनुरूप पालिका बोर्ड में रुतबा भी कायम किया है। पालिका बोर्ड के लिए पहली बार 50 वार्ड का चुनाव हुआ। जिनमें से 20 वार्डों में महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। मतगणना के दौरान महिला प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। परिणाम को देखें तो महिला प्रत्याशी वोटरों को साधने में बेहतर रही है।
निकाय चुनाव में शहर पालिका सीट पर महिला मतदाताओं की संख्या 12,2672 है। पहली बार अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित किया गया। जबकि अन्य करीब 17 वार्डों को आधी आबादी के लिए रिजर्व किए गए। इसके अलावा भी कई अन्य वार्डों में पुरुषों ने अपने परिवार की महिलाओं को चुनावी रण में उतार कर ताल ठोकी। परिणाम आए तो चौंकाने वाली स्थिति रही। महिला उम्मीदावारों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। आधी आबादी ने पालिका के बोर्ड भी अपना रुतबा कायम किया है। 20 वार्ड में महिला जीतकर बोर्ड की सदस्य बनी है। वार्ड एक में ममतेश, दो में सुनीता, तीन में पिंकी, वार्ड नौ में साक्षी चुग, वार्ड दस में संगीता, वार्ड 16 में उमा धीमान, वार्ड 18 में रानी सक्सेना, वार्ड 21 में सुशीला, वार्ड 22 में रिहाना, वार्ड 27 में सपना मलिक, वार्ड 31 में पूनम शर्मा, वार्ड 33 में कुसुम लता, वार्ड 37 में जैबुनिशा, वार्ड 41 में मनीषा तायल, वार्ड 44 में नवाब जहां के साथ वार्ड 45, 46, 47, 48 से भी महिला प्रत्याशी सभासद चुनी गई है।