बधाई में नया अस्पताल बनाने की तैयारी
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय पूर्वमंत्री एवं सांसद डॉ संजीव बालियान ने बधाई खुर्द में एक अस्पताल बनाने का प्रपोजल मुख्यमंत्री को दिया है। इसको लेकर शासन स्तर से बधाई खुर्द के निकट पड़ने वाले अन्य सरकारी अस्पतालों की दूरी के साथ रिक्त पदों की सूची मांगी है। यह सूचना विभाग को दो दिन के भीतर दिए जाने के निर्देश हैं। इस पर विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी।
जनपद के गांव बधाई खुर्द में सांसद डॉ संजीव बालियान ने अस्पताल निर्माण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा था। इस पर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग ने मंथन किया। शासन ने विभागीय इंजीनियर को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराने के लिए कहा है। पत्र में कहा गया है कि बधाई खुर्द के निकट सरकारी अस्पताल कितने आते हैं और उनकी दूरी क्या है। उसके बाद ही निर्माण कार्य की स्वीकृति मिल सकती है। इस पर विभाग ने जांच-पड़ताल की है, जिसमें बधाई खुर्द के निकट चरथावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रोहाना और कुटेसरा पीएचसी निकले हैं। इनकी दूरी छह से सात किलोमीटर पाई गई है। शासन की मंशा है कि अस्पताल नए के बजाए पुराने को व्यवस्थित किया जाए। जिसके लिए कुटेसरा, चरथावल और रोहाना आदि में वर्तमान में कार्यरत स्टाफ, चिकित्सक के साथ रिक्त पदों की सूची दो दिन में दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को इसको लेकर विभाग ने सूची तैयार की है। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने बताया कि बधाई खुर्द में नया अस्पताल बनाए जाने से संबंधित कोई पत्र आया है, इसकी सही जानकारी नहीं है। मंगलवार को विभाग के इंजीनियर ऋषिपाल ने इस बाबत रिक्त पदों की सूचना जरूर मांगी थी, जिसे मुहैया कराया गया है।