शिवसेना का दरोगा के खिलाफ प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। शिव सेना जिला प्रमुख नरेंद्र पंवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के मामले को लेकर कार्यकर्ताओं ने चौकी प्रभारी के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाद में एसएसपी से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
सिविल लाइन थाने पर तैनात एसआई जसवीर सिंह ने सोमवार को शिव सेना नेता पंवार और उसके बेटे समेत समर्थकों के खिलाफ पुलिस पर हमला करने का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि दबिश के दौरान आरोपी ने पुलिस पर हमला कर एसआई की वर्दी फाड़ दी। इस मामले को लेकर मंगलवार को शिव सेना कार्यकर्ताओं ने एसएसपी दफ्तर पर पहुंच कर एसआई के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाद में एसएसपी से मिल कर इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया।
कहा गया कि कच्ची सड़क चौकी प्रभारी एसआई जसवीर सिंह ने पार्टी के जिला प्रमुख नरेंद्र पंवार से अभद्रता की और उल्टे उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। कार्यकर्ताओं ने मुकदमे को खारिज करने की मांग की। एसएसपी से मामले की जांच सीओ सिटी से कराने का आश्वासन दिया। आनंद प्रकाश गोयल, मुकेश त्यागी, देवेंद्र चौहान, वैभव यादव, ओमकार पंडित, लोकेश सैनी, नरेश ठाकुर, रविंद्र कलसानिया, राजन वर्मा, शैलेंद्र शर्मा, आशुतोष शर्मा, अनुज चौधरी, संजय चौधरी, कमलदीप, अनिल कलसानिया, सुशील कुमार, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।