राष्ट्रवाद की अलख जगानी होगी
मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और राष्ट्रभक्ति के बीच मनाया गया। सभी सरकारी दफ्तरों में शान से तिरंगा फहराया गया। कलक्ट्रेट में डीएम ने झंडारोहण करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया। अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।
कलक्ट्रेट में डीएम जीएस प्रियदर्शी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि सभी को राष्ट्रवाद की अलख जगानी होगी। उन्होंने आजादी की लड़ाई में सहयोग करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली छात्राओं को भी डीएम ने स्कूल बैग और अन्य सामग्री देकर पुरस्कृत किया। एडीएम वित्त सुनील सिंह, एडीएम प्रशासन हरीश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आदि मौजूद रहे।
एसएसपी अनंत देव तिवारी ने पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। कप्तान ने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अफसरों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विकास भवन में पीडी विक्रम सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पीएलटीए में चयनित लोगों को सम्मानित किया गया। विकास भवन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। डीडीओ मोतीलाल व्यास, जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र कुमार, डीपीआरओ पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिला पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष आंचल तोमर ने ध्वजारोहण किया। एएमए नूतन शर्मा, जिला पंचायत सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
सीएमओ कार्यालय पर सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने ध्वजारोहण किया। जिला चिकित्सालय परिसर में सीएमएस डॉ पंकज अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जिला महिला चिकित्सालय में सीएमएस डॉ अमिता गर्ग ने ध्वजारोहण करने के उपरांत मिष्ठान बंटवाया। जिला कृषि उत्पादन मंडी समिति में मंडी सचिव राकेश कुमार सिंह ने, नगरपालिका परिसर में ईओ विकास सैन ने ध्वज फहराया।