हड़ताली कर्मचारियों से मिले विधायक
खतौली। नगरपालिका कर्मचारियों की बकाया भुगतान करने की मांग को लेकर 12वें दिन भी बेमियादी हड़ताल रही। पालिका में भाजपा विधायक प्रमोद ऊंटवाल कर्मचारियों से मिलने पहुंचे। विधायक ने कर्मचारियों की मांगों को सुना और अधिकारियों से बातचीत करने का आश्वासन दिया है। कर्मचारियों ने मांग पूरी नहीं होने पर पथ प्रकाश व्यवस्था और जलापूर्ति ठप करने की चेतावनी दी है।
पालिका में कर्मचारियों ने शनिवार को अपनी मांगों के समर्थन में धरना दिया। धरने पर विधायक प्रमोद ऊंटवाल कर्मचारियों से मिलने उनके बीच पहुंचे। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि राज्य वित्त आयोग की धनराशि का दुरुपयोग किया गया है। यह गबन की परिधि में आता है। कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 24 जुलाई तक उनका बकाया भुगतान नहीं किया तो वे 25 जुलाई को नगर की पथ प्रकाश व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति ठप कर देंगे। कर्मचारियों में प्रशासन द्वारा भुगतान कराने का आश्वासन नहीं देने को लेकर रोष व्याप्त है। धरने पर बैठने वालों में संघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह वाल्मीकि, मंत्री नरेंद्र शर्मा, रामपाल सिंह चौहान, अतुल गुप्ता, रामकिशन, ऋषिपाल, पूनम देवी, प्रतिभा आदि मौजूद रहे।