स्वास्थ्य मेले में हुई 7421 मरीजों की जांच
मुजफ्फरनगर। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से आयोजित स्वास्थ्य मेले में मंगलवार को 7421 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। सरकारी और निजी चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें परामर्श दिया। कार्यक्रम में आईएमए का पूरा सहयोग रहा।
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर मेले का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने संयुक्त रूप से किया। सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि मेले में 50 स्टाल लगाए गए। जिले भर से आए लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परामर्श देकर निशुल्क दवाइयां दीं। पहले दिन 7421 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। बुधवार को भी मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विधायक उमेश मलिक, विधायक प्रमोद ऊटवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने विभिन्न ओपीडी का निरीक्षण किया। एसीएमओ डॉ. अरविंद पंवार, डॉ. शरण सिंह, डॉ. प्रशांत कुमार, डॉ. राजीव निगम, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा का सहयोग रहा। स्वास्थ्य मेले में अल्ट्रासाउंड ईसीजी, सीबी नेट मशीन द्वारा टीबी की जांच एवं अन्य पैथोलॉजी जांच भी निशुल्क की गई। सबसे अधिक भीड़ अल्ट्रसाउंड पर रही। यहां सौ से अधिक लोगों ने सेवा ली।
शहर के प्रमुख डॉक्टरों ने भी देखे मरीज
आईएमए का मेले में खूब सहयोग रहा। शहर के प्रमुख डॉक्टर डॉक्टर एमके बंसल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश जैन, डॉ. ईश्वर चंद्रा, डॉ. गजराज सिंह, डॉ. डीएस मलिक, डॉ. रविंद्र जैन, डॉ. पंकज सिंह डॉ. हेमंत कुमार, डॉ. मनोज काबरा, डॉ. अभिषेक यादव, डॉ. रवि त्यागी और डॉ. दिव्या त्यागी ने मरीजों की जांच कर नि:शुल्क दवाएं दीं। आईएमए की ओर से बुधवार को भी निजी डॉक्टरों को मेले में भेजा जाएगा। मेले में मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर, होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति, आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति एवं यूनानी चिकित्सा पद्धति के चिकित्सकों द्वारा भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई।
टीकाकरण के साथ रक्तदान भी कराया
शिविर में 15 से 18 आयु वर्ग तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों का कोरोनारोधी टीकाकरण भी किया गया। 36 लोगों ने रक्तदान किया। एसडी कॉलेज ऑफ फार्मेसी व बीजेएमसी एसडी ग्रुप के छात्रों का विशेष सहयोग रहा। जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. बीके जैन, डॉ. योगेंद्र त्रिखा, डॉ. किशोर आहूजा, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. लोकेश गुप्ता और डॉ. एसके त्यागी की ओपीडी में भीड़ रही। स्वास्थ्य मेले में आंखों के मरीज सबसे अधिक पहुंचे। 370 लोगों ने आंखों की जांच कराई। इसके अलावा स्किन, मधुमेह, हृदय की जांच कराने वालों की भी संख्या खूब रही। सामान्य ओपीडी में मरीजों की संख्या सबसे अधिक रही।
पंचायत अध्यक्ष और डीएम ने कराई शुगर की जांच
स्वास्थ्य मेले में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और डीएम चंद्रभूषण सिंह ने शुगर की जांच कराई। दोनों की रिपोर्ट सामान्य रहीं। इसके बाद डीएम बीपी की जांच कराने पहुंचे, लेकिन उपकरण की बैटरी डाउन होने के कारण वह जांच नहीं करा सके।
स्वास्थ मेला में स्टाल का निरीक्षण करते जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
स्वास्थ मेला में कोविड की जांच करते स्वास्थकर्मी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR