गोवंश की हत्या के विरोध में थाना घेरा
मुजफ्फरनगर। गांव मेघाखेड़ी से किसान का गोवंश चोरी कर जीवित की ही खाल उतारे जाने के मामले को लेकर गुस्साए ग्रामीणों व हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नई मंडी थाने का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मेघाखेड़ी निवासी किसान कृष्णपाल के घेर से शुक्रवार देर रात वृद्ध बैल को चोरी कर लिया गया था। तलाश करने पर शनिवार सुबह बैल लहूलुहान हालत में गांव पचैंडा कलां के जंगल में तड़पता मिला था, जिसके पैर काटने के बाद जीवित ही खाल उतार दी गई थी। बाद में गोवंश ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया था। गोवंश के साथ हुई इस बर्बरता से गुस्साए गांव मेघाखेड़ी व पचेंडा कलां के ग्रामीणों के साथ ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नई मंडी कोतवाली पहुंचकर हंगामा-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह से मिलकर घटना पर आक्रोश जताते हुुए गोवंश की बेरहमी से हत्या करने के आरोपियों को चिह्नित कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की। इंस्पेक्टर ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।