मुजफ्फरनगर। अमर उजाला और प्राक्टर एंड गैंबल (पीएंडजी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को व्यक्तित्व विकास के गुर सिखाए गए। कार्यक्रम में 224 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से विभिन्न चरणों के बाद तीन छात्र-छात्राओं का चयन किया गया।
मीरापुर में स्थित भगवंत ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में आयोजित कार्यक्रम में शोभित रस्तोगी ने चार प्रमोटर्स के साथ छात्र-छात्राओं को टिप्स दिए। उन्होंने बातचीत के तरीके, बॉडी लैंग्वेज आदि के बारे में बताया। कहा कि व्यक्तित्व ही मनुष्य का परिचय होता है। उन्हें बताया गया कि जब किसी साक्षात्कार के लिए जाएं तो किस तरह से व्यवहार करें। कार्यक्रम में 100 छात्राएं एवं 124 छात्र शामिल हुए। इनमें से तीन को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया। हेमलता पाल ने प्रथम, नीरज कुमार ने द्वितीय तथा निकिता विश्रोई ने तृतीय स्थान पाया। शोभित रस्तोगी ने बताया कि यह कार्यक्रम 100 स्कूलों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम स्थान पर आने वाले छात्र-छात्राओं को ग्रैंड फिनाले में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। लकी ड्रा के माध्यम से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय का चयन होगा, जिन्हें जॉब के साथ पहलवान बिजेंद्र सिंह से मिलने का मौका मिलेगा।