गणतंत्र दिवस पर रेल में सफर न करें छात्र : उस्मानी
देवबंद (सहारनपुर)। पिछले कुछ वर्षों में मदरसा छात्रों के साथ ट्रेनों में होने वाली मारपीट की घटनाओं को देखते हुए दारुल उलूम प्रबंधतंत्र ने इस वर्ष छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गणतंत्र दिवस के अवसर पर उन्हें सफर न करने की हिदायत दी है।
रविवार को दारुल उलूम के छात्रावास प्रभारी मौलाना मुनीरुद्दीन उस्मानी की और से जारी किए गए एलान में कहा गया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर छात्र ट्रेनों आदि से सफर करने से बचें। क्योंकि इस दौरान जगह जगह चेकिंग होती है और बिना वजह की परेशानी उठानी पड़ती है तथा इसकी वजह से डर और खौफ का माहौल बन जाता है। इसलिए छात्रों को चाहिए कि वह बिना जरूरत के ट्रेन आदि में सफर करने से बचें। एलान में यह भी कहा गया है कि अगर बहुत ज्यादा जरूरत हो तो पूरी अहतियात के साथ सफर करें। इस दौरान किसी तरह की बहस आदि में न पड़ें व सब्र से काम लें और सफर पूरा करने के बाद इधर उधर न जाकर सीधे दारुल उलूम में वापस लौटें। बता दें कि दारुल उलूम ने छात्रों को यह हिदायत इसलिए दी है क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में छुट्टी के समय पर घरों को जाने वाले मदरसा छात्रों के साथ ट्रेनों में मारपीट की घटनाओं का होना आम बात हो गई थी।