राज्य महिला आयोग की सदस्य पीड़ित परिजनों से मिलीं
मोरना। गांव ककराला में डॉ. सतीश हत्याकांड मामले में राज्य महिला आयोग की सदस्य डा. प्रियवंदा तोमर ने पीड़ित परिजनों से मिलकर उनको सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया।
राज्य महिला आयोग की सदस्य डा. प्रियावंदा तोमर व अतिरिक्त एसडीएम अजय कुमार के साथ मोरना स्थित विनोद मलिक के आवास पर पहुंची। जहां पर उन्होंने ने पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हुए परिवार से घटना के बारे में जानकारी ली। मृतक के तहेरे भाई विनोद मलिक, भाभी सविता देवी, भतीजा नितिन, रचना, पिंकी, बाला, वरुण प्रिंयाशु, पूर्व चेयरमैन राजेश सहरावत, देेवेंद्र चौधरी आदि से हत्याकांड की जानकारी लेकर न्याय दिलाने का भरोसा दिया। वहीं, पीड़ित परिवार को सहायता योजना आदि के माध्यम से आर्थिक मदद कराने का आश्वासन दिया।
दामाद की हत्या से दुखी ससुर की भी मौत
मृतक डा. सतीश की शादी मवाना के निकट मार्कपुर गांव में किसान गिरीशपाल की बेटी गीता से हुई थी। मूल गांव नंगला मंदोड़ में मंगलवार को मृतक सतीश के शोकसभा का आयोजन किया गया। जिसमें ससुर गिरीशपाल अपने परिजनों के साथ आए हुए थे। पिता को देख बेटी गीता बेहोश हो गई। वहीं बेटी के उजड़े सुहाग के सदमे में पिता गिरीशपाल शाम अपने परिजनों के साथ गांव लौट गए। मंगलवार की देर रात दामाद के सदमे से उनकी मौत हो गई। पति और पिता की मौत की दोहरी मार ने गीता को झकझोर कर रख दिया है। हर कोई पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में लगा हुआ है।