पुरकाजी। गणेश महोत्सव में हुए जागरण में श्रद्धालुओं ने गणपति की महिमा का गुणगान किया। कलाकारों ने भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
गणेश महोत्सव में सोमवार की रात जागरण हुआ। पंडित विकुल शास्त्री ने पूजन कराया। इसके उपरांत भाजपा विधायक प्रमोद उंटवाल और विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री सुदर्शन चक्र और बजरंग दल के प्रांत संयोजक बलराज डूंगर, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुशवेंद्र तोमर ने सामूहिक रूप से ज्योति जलाकर जागरण का शुभारंभ किया। समिति की ओर से सभी लोगों को पटका व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सहारनपुर से आए रोहित नादान ग्रुप, पटियाला से आए कश्मीर सिंह लक्खा, सोनीपत से आए रतन भारती आदि कलाकारों ने गणपति बाबा की महिमा का गुणगान किया। कलाकारों ने सुंदर भजन सुनाए। सुबह गणपति की आरती के साथ जागरण का समापन कर प्रसाद वितरित किया गया। समिति के राजू वर्मा, भारत भूषण खुल्लर, अनिल गर्ग, पीयूष राणा, वीरेंद्र सिंह, डा ओपी गौतम, डा प्रिंस त्यागी, हरिराम सक्सेना, मणिकांत गोयल, बलवंत सिंह, विपिन वर्मा, सुशील कर्णवाल, नरेश मिगलानी, मांगेराम, पंडित भानू शर्मा, आन्नद धीमान, अमरीश राठी, मनोज कर्णवाल, ललित त्यागी, वंश अग्रवाल, मोहित गर्ग, अंकित पाल, मनीष सैनी शिवम माहेश्वरी आदि लोगों को विशेष सहयोग रहा।
बलराज डूंगर ने हिंदू समाज के लोगों से की जागरूक होने की अपील
पुरकाजी। जागरण में आए बजरंग दल नेता बलराज डूंगर ने हिंदू समाज के लोगों से जागरूक होने की अपील की। कहा कि आप लोग आज से पुरकाजी को पुरकाशी कहेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम साल में एक बार ना करके प्रत्येक सप्ताह मंदिरों में जाकर भगवान का गुणगान करें। जहां पर भी अकबर व तुगलक आदि के नाम से सड़कों नाम रखा गया है हम उन नामों को बदलकर ही दम लेेंगे। उन्होंने हिंदू समाज के लोगों को जातियों में ना बंटकर एक जुट होकर हिंदू बनकर अपने धर्म की रक्षा करने की अपील की। कहा कि आज सूर्य निकलने से पहले गाय की हत्या कर दी जाती है। कहीं लव जेहाद व आतंकवाद के जेहाद के आधार पर किसी ना किसी रूप में हिंदू को समाप्त करने का षडयंत्र रचा जाता है। उन्होंने कहा कि हम बताना चाहते हैं कि हिंदू इतना कमजोर नहीं है बस आप लोगों के जागरूक होने की जरूरत है।