‘स्वास्थ्य रहना है तो स्वच्छ रहे’
मुजफ्फरनगर। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि जिले में 53 हजार 185 शौचालय बनाकर इसे ओडीएफ घोषित कराया जा चुका है। रोगों से मुक्ति के लिए स्वच्छता बेहद जरूरी है। विकास भवन सभागार में आकाशवाणी नजीबाबाद द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘आओ देखो मेरा गांव’ में डीएम ने नारा दिया कि चलाओ जोरों से स्वच्छता अभियान, तभी बनेगा भारत महान। डीएम ने दावा किया कि जनपद में 21 लाख लोगों को एंटी वायरल होम्योपैथिक दवाई पिलाई गई। ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों की इच्छा थी कि उनके गांव और क्षेत्र साफ सुथरे हो। इस इच्छा शक्ति से ही जनपद ओडीएफ घोषित हुआ। स्वच्छता के कारण आधी से अधिक बीमारियां दूर भाग जाती है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में प्रार्थना के बाद बच्चों को अनिवार्य रूप स्वच्छ रहने के लिए प्रेरित किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाये कि हर भोजन से पहले बच्चे अनिवार्य रूप से हाथ धो लें। साफ कपड़े पहने और अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रहें। एसीएमओ बीके ओझा ने कहा कि स्वच्छता जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, डीपीआरओ, नजीबाबाद रेडियो स्टेशन प्रभारी, ग्राम प्रधान, स्वच्छ गृही आदि उपस्थित रहे।