मुस्लिम समाज ने सौहार्द का परिचय दिया: टिकैत
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि मीनाक्षी चौक पर कांवडिय़ों की सेवा करके मुस्लिम समाज के लोगों ने सौहार्द का परिचय दिया है। समाज में इस तरह की पहल से ही भाईचारा बढ़ता है।
पैगाम-ए-इंसानियत संस्था के कांवड़ शिविर के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में नरेश टिकैत ने कहा कि सभी वर्गों के एक-दसरे के पर्वों का सम्मान करना चाहिए। इसी से आपसी भाईचारा मजबूत होता है। जमीयत उलमा के प्रदेश उपाध्यक्ष मौलाना डॉक्टर जमालुद्दीन कासमी एवं हाफिज फुरकान असअदी ने उनका स्वागत किया। लोगों ने मिलकर फल एवं जूस कांवड़ियों को वितरित किया। संस्था के अध्यक्ष आसिफ राही ने कांवड़ सेवा के बहाने दो बड़े संगठनों को एक मंच पर इकट्ठा करके हिंदू मुस्लिम एकता को मजबूती प्रदान की है। जमीयत के जिलाध्यक्ष मुफ्ती बिन यामीन तेवड़ा, जिला सचिव मौलाना मूसा कासमी, मौलाना अकरम नदवी, शाही इमाम मौलाना जाकिर, मौलाना जैनुद्दीन, मुफ्ती ऐनुद्दीन, डॉ हाफिज नूर अली, गौहर सिद्दीकी, असद फारूकी सहित काफी संख्या लोग रहे। वैश्य सभा के चिकित्सा शिविर का भी समापन हो गया। यह शिविर शिव चौक पर चल रहा था। इस अवसर शंकर स्वरूप बंसल, श्रीमोहन तायल आदि लोग मौजूद रहे। भारतीय जन मंच के हस्ताक्षर अभियान शिविर का भी समापन हो गया। कांवड़ मार्ग पर शिविर गौवंश के लिए अंत्येष्टि स्थल बनाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान को लेकर लगाया गया था।