मुजफ्फरनगर। द एसडी पब्लिक स्कूल के समर कैंप में बच्चों ने गीत, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुति से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पौराणिक नृत्य और अंग्रेजी नाटिका के अभिनय से बच्चों ने अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया।
जानसठ रोड स्थित संस्था में आयोजित समर कैंप का रंगारंग प्रस्तुति के साथ समापन हो गया। बच्चों ने बास्केटबाल के साथ डांस की प्रभावी प्रस्तुति की। वीर सैनिकों को समर्पित कार्यक्रम से देश भक्ति का संदेश दिया गया। कालबेलिया नृत्य में छात्र-छात्राओं ने समा बांध दिया। प्रधानाचार्या नीलम महाना ने कहा कि अभिभावक बच्चों को पर्याप्त समय दें। एकल परिवारों की वजह से बच्चों के मानसिक, व्यवहारिक और आत्मिक विकास में पूर्णता नहीं आती। समूह में कार्यों की उपयोगिता भी हैं। कैंप में बच्चों ने समूह में मिलकर कार्य करना सीखा। वर्तमान में शैक्षणिक कौशल के अतिरिक्त सामाजिक कौशल भी आवश्यक है। शिल्प और कला में बच्चों के कार्यों को प्रदर्शित किया गया। लेखन क्षमता का भी अभ्यास कराया गया।